नयी दिल्ली, 25 जुलाई मणिपर हिंसा के मुद्दे को लेकर संसद में जारी गतिरोध के बीच विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दल बुधवार को लोकसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दे सकते हैं। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों का कहना है कि गठबंधन ने पहले ही इस नोटिस का मसौदा तैयार कर लिया है और इसके लिए जरूरी 50 सांसदों का हस्ताक्षर लेने की प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है।
सूत्रों ने बताया कि विपक्षी गठबंधन में शामिल दलों के दोनों सदनों के नेता बुधवार सुबह बैठक करके आगे की रणनीति भी तय करेंगे। अविश्वास प्रस्ताव से जुड़े नोटिस को बुधवार को सुबह 10 बजे से पहले सौंपना होगा।
सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस ने अपने लोकसभा सदस्यों को व्हिप जारी करके कहा है कि वे बुधवार सुबह 10.30 बजे संसद भवन स्थित संसदीय दल के कार्यालय में मौजूद रहें।
‘इंडिया’ के घटक दलों के नेताओं की मंगलवार सुबह हुई बैठक में अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिए जाने के संदर्भ में मंथन हुआ।
सूत्रों ने बताया कि मणिपुर के मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर संसद के भीतर बयान देने का दबाव बनाने के कई विकल्पों पर विचार करने के बाद यह फैसला किया गया कि अविश्वास प्रस्ताव ही सबसे कारगर रास्ता होगा, जिसके जरिये सरकार को इस मुद्दे पर चर्चा के लिए विवश किया जा सकेगा।
यह पूछे जाने पर कि क्या विपक्षी दल अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस देंगे तो विपक्षी गठबंधन के एक वरिष्ठ नेता ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘इसकी संभावना है कि कुछ दल यह नोटिस दें।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY