देश की खबरें | अपराधियों को सजा दिलाने के क्रम में मिशन मोड में कार्यवाही हेतु 'ऑपरेशन कन्विक्शन' तैयार

लखनऊ, 26 जून उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपराध को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति के दृष्टिगत अपराधियों को सजा दिलाने के क्रम में मिशन मोड में कार्यवाही करने हेतु 'ऑपरेशन कन्विक्शन' नामक नई कार्ययोजना तैयार की है।

पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जघन्य अपराधों में लिप्त अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके विरूद्ध वैज्ञानिक विधि से जांच करते हुए पुलिस एवं अभियोजन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से न्यायालय में प्रभावी पैरवी कराकर न्यूनतम समय में कठोर सजा दिलाई जा रही है ।

पुलिस ने एक ट्वीट में कहा, "उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के निर्देश पर अपराध को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति के दृष्टिगत अपराधियों को सजा दिलाने के क्रम में नई कार्ययोजना तैयार की गयी है जिसे 'ऑपरेशन कन्विक्शन' का नाम दिया गया है।’’

पुलिस ने एक अन्य ट्वीट में कहा,‘‘चिन्हित किये गये अभियोगों की प्रभावी पैरवी के वास्ते साप्ताहिक समीक्षा करने के लिए पुलिस मुख्यालय स्तर पर वेब पोर्टल विकसित किया जायेगा, जिसके माध्यम से मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की गयी कार्यवाही की नियमित निगरानी की जाएगी।’’

बाद में उप्र पुलिस ने एक बयान में कहा कि इस कार्ययोजना के अन्तर्गत पाक्सो एक्ट के समस्त अभियोगों के अतिरिक्त बलात्कार, हत्या, लूट, डकैती, धर्म परिवर्तन, गोकशी के अपराध को सम्मिलित किया गया है।

बयान के मुताबिक प्रत्येक कमिश्नरेट/जनपद पॉक्सो एक्ट के समस्त अपराध के अतिरिक्त उपरोक्त श्रेणी के 20-20 अपराधों को चिन्हित करेगा। चिन्हित अपराधों से सम्बन्धित अभियोगों में उत्कृष्ट एवं समयबद्ध विवेचना सम्पादित कराकर आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया जायेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)