नयी दिल्ली, 23 मई केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान सचिव एम रविचंद्रन का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।
रविचंद्रन ने 11 अक्टूबर, 2021 को यह पद संभाला था। वह 60 साल की आयु पूरी होने पर इस महीने के अंत में सेवानिवृत्त होने वाले थे।
केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय के 22 मई के एक आदेश के अनुसार कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव के रूप में रविचंद्रन का कार्यकाल विस्तार उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख एक जून, 2025 से एक साल के लिए 31 मई, 2026 तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, कर दिया है।
पुणे विश्वविद्यालय से भौतिकी में पीएचडी रविचंद्रन ने पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अनेक संस्थानों में विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
इससे पहले वह 1988 से 1997 तक भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान, पुणे में वैज्ञानिक के रूप में कार्यरत रहे।
वह पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय में सचिव की जिम्मेदारी संभालने से पहले 2016 से 2021 तक गोवा में राष्ट्रीय ध्रुवीय और समुद्री अनुसंधान केंद्र (एनसीपीओआर) के निदेशक रहे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY