देश की खबरें | आजादी का अमृत महोत्सव के तहत असम के एक हजार युवा सेलुलर जेल का दौरा करेंगे

गुवाहाटी, 18 अगस्त असम सरकार ने आजादी का अमृत महोत्सव के तहत अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की सेलुलर जेल देखने के लिए राज्य के एक हजार युवाओं को भेजने का फैसला किया है। राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

शर्मा ने ट्वीट किया, ‘‘युवाओं को हमारे बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्रवाद की भावना को आत्मसात करने के मिशन पर भेजा जाएगा।’’

पोर्ट ब्लेयर की सेलुलर जेल भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में एक विशेष स्थान रखती है क्योंकि ब्रिटिश राज के खिलाफ विद्रोह करने के लिए कई स्वतंत्रता सेनानियों को वहां जेल में डाल दिया गया था।

शर्मा ने हालांकि यह नहीं बताया कि युवाओं को कब वहां भेजा जाएगा।

ब्रिटेन की सरकार द्वारा 1906 में निर्मित तीन मंजिला जेल स्वतंत्रता सेनानियों पर होने वाली यातनाओं की मूक गवाह थी। इसे अब एक स्मारक में तब्दील कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के असम के 74 कर्मचारियों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने आजादी के बाद से देश के विभिन्न राज्यों में अपने प्राणों की आहुति दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)