अमरावती, 29 जुलाई आंध्र प्रदेश के अनाकपल्ली जिले के एक समुद्र तट पर शुक्रवार को लहरों की चपेट में आने से इंजीनियरिंग के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि लापता पांच अन्य लोगों के बह जाने की आशंका है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
तटरक्षक बल और समुद्री पुलिस ने पांच लापता छात्रों का पता लगाने के लिए एक अभियान शुरू किया। पुलिस ने कहा कि घटनास्थल से बचाए गए एक अन्य छात्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मंत्री गुडीवाड़ा अमरनाथ को बचाव अभियान की निगरानी करने का निर्देश दिया।
पुलिस के मुताबिक, एक स्थानीय इंजीनियरिंग कॉलेज के करीब 13 छात्र पुदीमडका के समुद्र तट पर गए थे। छह छात्र किनारे पर खड़े थे, जबकि सात अन्य बंगाल की खाड़ी में उतर गए।
बचाव अभियान की निगरानी कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने फोन पर कहा, ‘‘वे ज्वार के कारण बह गए। एक छात्र का शव बाहर निकाल लिया गया। एक अन्य छात्र को डूबने से बचा लिया गया। अन्य पांच लापता हैं।’’
मृतक की पहचान नरसीपट्टनम के निवासी गुडीवाड़ा पवन सूर्य कुमार (19) के रूप में हुई है। बचाए गए विशाखापत्तनम के निवासी छात्र सुरीसेट्टी तेजा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY