देश की खबरें | गवाह हत्‍याकांड में शामिल एक व्यक्ति 'मिट्टी' में, बाकी भी मिट्टी में मिलाये जाएंगे: विधायक

लखनऊ, 27 फरवरी उत्तर प्रदेश विधानसभा में विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की हत्‍या में शामिल आरोपियों में से एक को सोमवार को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराए जाने की जानकारी भारतीय जनता पार्टी के एक सदस्य ने सदन में दी तो सत्ता पक्ष के सदस्यों के मेज थपथपाने से विधानसभा का मंडप (हाल) गूंज उठा।

विधानसभा में प्रश्‍न काल के बाद वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट अनुमानों पर चर्चा के दौरान भाजपा सदस्य डॉक्टर शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा, ''प्रयागराज की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद विपक्ष के साथी हमलावर हो गये थे, तब मुख्‍यमंत्री ने कहा था कि 'मिट्टी में मिला देंगे' और अब खबर आ रही है कि उमेश पाल की हत्‍या में शामिल एक अपराधी को मिट्टी में मिला दिया गया है। पुलिस ने उसे मुठभेड़ में मार गिराया है।''

डॉक्टर त्रिपाठी ने विपक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा, ''आपको यह समझना पड़ेगा कि यह 2017 के पहले की सरकार नहीं है। यह योगी आदित्यनाथ की सरकार है। एक तो मारा गया है और बाकी जो बचे हैं वह भी मिट्टी में मिलाए जाएंगे, आप इस बात को नोट कर लीजिए।''

गौरतलब है कि प्रयागराज में विधायक हत्याकांड के गवाह उमेश पाल और एक सुरक्षाकर्मी की हत्या के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश विधानसभा में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव के बीच तीखी नोंकझोंक हुई।

मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा था कि इस पार्टी ने अपराधियों और माफिया को न सिर्फ पाला—पोसा बल्कि उन्हें विधायक और सांसद तक बना दिया।

योगी ने कहा था कि मौजूदा भाजपा सरकार प्रयागराज मामले में दोषी बताये जा रहे माफिया को 'मिट्टी' में मिला देगी। इस पर सदन में विपक्ष के नेता अखिलेश यादव ने नाराजगी जाहिर की, जिसके बाद मुख्यमंत्री और अखिलेश के बीच तीखी नोंकझोंक हुयी।

उल्लेखनीय है कि 2005 में बसपा के तत्कालीन विधायक राजू पाल की हत्या के मामले में अहम गवाह रहे उमेश पाल और उसके गनर की पिछली 24 फरवरी को प्रयागराज में दिनदहाड़े बम और गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

इस मामले में पाल की पत्नी जया की तहरीर पर प्रयागराज के धूमनगंज थाने में माफिया एवं पूर्व सांसद अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता और उसके दो बेटों तथा उसके करीबियों गुड्डू और गुलाम एवं नौ अन्य के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया गया है।

विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल और उसके गनर की हत्या में शामिल आरोपियों में से एक अरबाज को सोमवार को प्रयागराज पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस ने प्रयागराज में इसकी जानकारी दी।

एक पुलिस अधिकारी पीटीआई- को बताया कि आज दोपहर धूमनगंज थाना अंतर्गत नेहरू पार्क के जंगल में अरबाज की उप्र पुलिस की टीम के साथ मुठभेड़ हो गयी, जिसमें पुलिस ने अरबाज को मार गिराया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)