नोएडा, 17 सितंबर उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में एक निर्माणाधीन सोसाइटी की सर्विस लिफ्ट टूटने से हुए हादसे में आठ लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने रविवार को एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी है।
नोएडा एक्सटेंशन की आम्रपाली ड्रीम वैली परियोजना के स्थल पर शुक्रवार को एक निर्माणाधीन टावर की लिफ्ट टूटकर 14वीं मंजिल से नीचे गिर गई थी। इस घटना में आठ लोगों की मौत हो गई है। लंबे समय से अटकी इस परियोजना को सरकारी कंपनी राष्ट्रीय भवन निर्माण निगम (एनबीसीसी) पूरा कर रहा है।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने गिरधारी लाल कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के महाप्रबंधक (प्रशासन) लवजीत कुमार को गिरफ्तार किया है।
उनके मुताबिक, इससे पहले इसी कंपनी के अन्य महाप्रबंधक देवेंद्र सिंह उर्फ देवेंद्र शर्मा को गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने कहा कि आरोपी ने लिफ्ट को सही समय पर ठीक नहीं करवाया था, जबकि पूर्व में मजदूरों और ठेकेदारों द्वारा लिफ्ट में गड़बड़ होने संबंध में इनको सूचना दी गई थी।
पुलिस ने पहले बताया था कि इस मामले में बिसरख थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और लापरवाही और गैर-इरादतन हत्या समेत अन्य आरोपों के तहत एनबीसीसी के अफसरों समेत नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जिला प्रशासन और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने भी इस मामले की अलग-अलग जांच शुरू कर दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY