देश की खबरें | तमिलनाडु की लिग्नाइट इकाई में दुर्घटना में एक की मौत, चार झुलसे

नेवेली (तमिलनाडु), 22 दिसंबर नेवेली लिग्नाइट कॉरपोरेशन (एनएलसी) में बृहस्पतिवार को एक लिग्नाइट बंकर से निकलने वाली उष्मा से एक श्रमिक की मौत हो गई और चार अन्य झुलस गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

बंकर एक 'लिग्नाइट हैंडलिंग सिस्टम' है, जहां कोयले को संग्रहित रखा जाता है।

एनएलसी की थर्मल यूनिट के मुख्य प्रबंधक, आर वेणुकृष्णन ने कहा कि अधिक गर्मी के कारण श्रमिक झुलस गये, जिनमें एक स्थायी कर्मचारी भी शामिल है। उन्होंने बताया कि घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।

एक संविदा कर्मचारी तिरुनावुक्करासु (47) ने चेन्नई के एक अस्पताल में ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। वह 50 फीसदी से ज्यादा झुलस गया था।

घायलों का इलाज चेन्नई में चल रहा है।

घटना की वजह तकनीकी खराबी बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि बिजली उत्पादन प्रभावित नहीं हुआ है। पूछताछ चल रही है।

एनएलसी तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में स्थित है।

इस बीच, पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के संस्थापक डॉ एस रामदास ने तिरुनावुक्करासु की मौत पर शोक व्यक्त किया और मृतक के परिवार के लिए एनएलसी से एक करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)