गुवाहाटी, 25 दिसंबर असम में रविवार को क्रिसमस का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया और शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की गयी।
इस अवसर पर सभी धर्मों के लोगों ने अपने ईसाई मित्रों के साथ त्योहार मनाया और आधी रात के समय सामूहिक प्रार्थना सभाओं के लिए गिरजाघरों में भीड़ देखी गई। गिरजाघरों को विशेष रूप से सजाया गया था, जिसमें रोशनी और ईसा मसीह के जन्म को दर्शाने वाले दृश्य शामिल थे।
राज्यपाल जगदीश मुखी और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने इस अवसर पर लोगों को बधाई दी।
ईसाई समुदाय के लोगों ने कैरल गाया और उपहारों का आदान-प्रदान किया।
राज्यपाल ने एक संदेश में कहा, ‘‘मैं क्रिसमस के अवसर पर विशेष रूप से ईसाई धर्म के लोगों और अन्य लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस दिन हम प्रभु यीशु मसीह के जन्म का जश्न मनाते हैं जिन्होंने हमें शांति, त्याग, प्रेम और करुणा का संदेश दिया। इसलिए, क्रिसमस के दिन हम सभी सार्वभौमिक भाईचारे और सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व को मजबूत करने के लिए प्रभु यीशु की शिक्षाओं के प्रति खुद को फिर से समर्पित करें।’’
मुख्यमंत्री ने ट्विटर के माध्यम से इस अवसर पर सभी को बधाई दी। शर्मा ने लिखा, ‘‘सभी को क्रिसमस की बधाई। मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। आपको हमेशा खुशी और समृद्धि मिले।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY