नयी दिल्ली, 22 अगस्त एक नाबालिग लड़की से बार-बार दुष्कर्म करने और उसे गर्भवती करने का आरोपी दिल्ली सरकार का अधिकारी अपनी पत्नी के साथ भागने की कोशिश करते हुए सीसीटीवी कैमरे की तस्वीरों में नजर आया। इसके कुछ ही देर बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि प्रेमोदय खाखा और उनकी पत्नी सीमा रानी एक वकील से मिलने जा रहे थे और अदालत से अग्रिम जमानत लेने की योजना बना रहे थे, इससे पहले ही उन्हें सोमवार को उनके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में 13 अगस्त को दर्ज मामले में गिरफ्तार होने से कुछ समय पहले खाखा को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देश के बाद महिला एवं बाल विकास (डब्ल्यूसीडी) विभाग में उप निदेशक के पद से निलंबित कर दिया गया था।
पुलिस ने कहा कि दोनों बुराड़ी इलाके के शक्ति एन्क्लेव के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि पीड़िता एक अक्टूबर, 2020 को आरोपी के पिता के निधन के बाद से आरोपी के घर पर रह रही थी। आरोपी एक पारिवारिक मित्र था, जिसे वह ‘मामा’ कहती थी।
उन्होंने बताया कि एक पूर्व-कैडर (एक्स कैडर) अधिकारी आरोपी ने नवंबर 2020 और जनवरी 2021 के बीच कथित तौर पर लड़की से कई बार बलात्कार किया था। उन्होंने कहा कि उसकी पत्नी पर लड़की को गर्भावस्था को समाप्त करने के लिए दवा देने का भी आरोप लगाया गया है।
पूर्व कैडर अधिकारी, कैडर पद के समान रैंक का एक अस्थायी पद रखने वाला अफसर होता है।
इस बीच, दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने मंगलवार को यहां सेंट स्टीफंस अस्पताल में अपना धरना समाप्त कर दिया, जहां वह नाबालिग लड़की से मिलने गई थीं।
मालीवाल यह दावा करते हुए सोमवार सुबह धरने पर बैठ गई थीं कि उन्हें लड़की से मिलने से रोका गया। वह मंगलवार दोपहर अस्पताल से चली गईं और पीड़िता से नहीं मिल सकीं।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि लड़की की मां किसी से मिलना नहीं चाहती, क्योंकि पीड़िता अब भी अस्पताल में निगरानी में है।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने कहा कि सीमा रानी को सोमवार को अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि खाखा को मंगलवार को अदालत ने एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY