देश की खबरें | ओडिशा के हॉकी इतिहास को मिलेगी एनसीईआरटी की पुस्तकों में जगह: प्रधान

भुवनेश्वर, 23 दिसंबर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान ने कहा है कि ओडिशा में हॉकी के इतिहास और इस तटीय राज्य द्वारा दो बार की गयी हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी को राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की पाठ्यपुस्तकों में जगह मिलेगी।

सर्वदलीय बैठक में हिस्सा लेने के बाद प्रधान ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि 13-29 जनवरी के दौरान ओडिशा में होने वाले पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप के माध्यम से शीर्ष स्तर पर ओडिशा की कला, विरासत एवं परंपरा को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

यह टूर्नामेंट भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम और राउरकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

मंत्री ने हॉकी वर्ल्ड कप के लिए देश के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को आमंत्रित करने के राज्य सरकार के फैसले की भी तारीफ की।

प्रधान ने बृहस्पतिवार को कहा, ‘‘ हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि 2036 में जब ओडिशा अपना 100वां स्थापना दिवस मनाये तब राज्य से 100 ओलंपियन निकलें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ इस बार ओडिशा के सात खिलाड़ी ओलंपिक में खेलने गए थे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)