देश की खबरें | ओडिशा : अस्पताल से दूषित पानी बहाए जाने पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

संबलपुर (ओडिशा), 10 नवंबर ओडिशा के बरगढ़ में जिला अस्पताल से अपशिष्ट जल पास के तालाब और खेत में बहाए जाने के खिलाफ ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

तुकुरला के आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को 300 बिस्तरों वाले अस्पताल के मुख्य द्वार को करीब एक घंटे तक बंद कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अस्पताल से बहाया गया गंदा पानी सीधे तालाब में जा रहा है, जिस पर वे नहाने और अन्य कामों के लिए निर्भर हैं।

प्रदर्शन में शामिल तनुजा प्रधान ने कहा, ‘‘दूषित अपशिष्ट जल को तालाब में बहाया जा रहा है, जो खतरनाक है और गंभीर संक्रामक रोग का कारण बन सकता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने पहले भी चिकित्सकीय अपशिष्ट जल बहाए जाने के बारे में अस्पताल के अधिकारियों को सूचित किया था। चूंकि समस्या के समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया, इसलिए हमने प्रवेश द्वार बंद कर दिया।’’

तुकुरला की आबादी लगभग 2,000 है और कई लोग नहाने और खेती के लिए तालाब के पानी पर निर्भर हैं। प्रदर्शन में शामिल एक और व्यक्ति ने कहा, ‘‘अस्पताल के अधिकारियों को पता है कि बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब पर निर्भर हैं, लेकिन वे कोई कदम नहीं उठा रहे हैं। अस्पताल का अपशिष्ट जल भी खेत में बह रहा है और मिट्टी की उर्वरता भी प्रभावित होगी।’’

अस्पताल के अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता की और उन्हें आश्वासन दिया कि समस्या का समाधान किया जाएगा, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन खत्म कर दिया।

बरगढ़ के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी बी बी मेहर ने कहा कि अस्पताल का गंदा पानी पाइपलाइन के जरिए कंक्रीट के टैंक में जाता है और बाद में इसे एक गड्ढे में डाला जाता है। अस्पताल का पाइप टूटने के बाद गंदा पानी गांव के तालाब में चला गया।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने पहले ही संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत करा दिया है और इसे जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)