भुवनेश्वर, 25 मार्च केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता और स्वीकार्यता के मामले में ओडिशा ‘‘सबसे अव्वल’’ है।
प्रधान ने यह भी कहा कि मोदी ओडिशा के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और केंद्र सरकार ने पिछले 10 वर्षों के दौरान राज्य को 18 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम मानते हैं कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता और स्वीकार्यता की बात आती है तो ओडिशा देश का नंबर एक राज्य है। विभिन्न सर्वेक्षणों और आकलनों से पता चलता है कि ओडिशा में प्रधानमंत्री की स्वीकार्यता 85 से 90 प्रतिशत के बीच है।’’
मंत्री ने विश्वास जताया कि भाजपा आगामी चुनावों के दौरान राज्य की 21 में से 15-18 लोकसभा सीट जीतेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘2014 में ओडिशा में भाजपा का मत प्रतिशत सिर्फ 22 फीसदी था और पार्टी ने सिर्फ एक लोकसभा सीट जीती थी। 2019 में वोट प्रतिशत बढ़कर 38 फीसदी हो गया और भाजपा ने आठ लोकसभा सीट जीतीं।’’
प्रधान ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय स्तर की एजेंसियों द्वारा जताए गए अनुमानों के अनुसार, इस बार राज्य में भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़कर 45 प्रतिशत से अधिक हो जाएगा और हम 15 से 18 लोकसभा सीट जीतेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY