देश की खबरें | ओडिशा वार्षिक अनुबंध पर कनिष्ठ शिक्षकों को नियुक्त करेगा

भुवनेश्वर, 23 अगस्त ओडिशा में नियुक्तियों की संविदा प्रणाली को समाप्त करने के करीब 10 महीने बाद राज्य सरकार ने कनिष्ठ शिक्षकों (योजनाबद्ध) को एक साल के अनुबंध आधार पर नियुक्त करने का निर्णय लिया है।

स्कूल और जन शिक्षा विभाग द्वारा मंगलवार को जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि अनुबंध वार्षिक आधार पर होगा। अधिसूचना में कहा गया, ‘‘शिक्षकों के प्रदर्शन के आधार पर अगले वर्षों में अनुबंध का नवीनीकरण किया जाएगा। अनुबंध के नवीनीकरण से पहले, शिक्षक को अपनी उपस्थिति और संतोषजनक सेवा के संबंध में संबंधित प्रधानाध्यापक से एक प्रमाणपत्र प्राप्त करना होगा, जिसे जिला परिषद के समक्ष प्रस्तुत करना होगा।’’

अधिसूचना में कहा गया है कि अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन किए जाने के संबंध में यदि किसी शिक्षक के खिलाफ अनधिकृत अनुपस्थिति, कदाचार, आपराधिक मामलों में संलिप्तता समेत अन्य आधार पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी की प्रतिकूल रिपोर्ट मिलती है तो उसे 30 दिन की पूर्व सूचना के साथ सेवा से हटाया जा सकता है।

शिक्षाविदों ने बताया कि राज्य सरकार ने 2018 में शिक्षा सहायकों के पदों को समाप्त करने और उनके स्थान पर पहले तीन वर्षों के लिए अनुबंध पर कनिष्ठ शिक्षकों को नियुक्त करने का निर्णय लिया था। इस साल अप्रैल में सरकार ने कनिष्ठ शिक्षकों (संविदा) का नामकरण बदलकर कनिष्ठ शिक्षक (योजनाबद्ध) कर दिया।

एक विशेषज्ञ ने कहा कि सरकार ने अक्टूबर 2022 में रोजगार की संविदा प्रणाली को समाप्त करने और वर्तमान संविदा कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने की घोषणा की थी, लेकिन वर्तमान अधिसूचना उसके पहले के फैसले के विरोधाभासी प्रतीत होती है।

सूत्रों ने कहा कि राज्य सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभा चुनावों से पहले अनुबंध आधार पर लगभग 20,000 कनिष्ठ शिक्षकों की नियुक्ति करने की तैयारी कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)