जरुरी जानकारी | ओडिशा ने पीपीपी मोड में पांच ‘मल्टीस्पेशलिटी’ अस्पताल स्थापित करने के लिए किया समझौता

भुवनेश्वर, पांच अक्टूबर ओडिशा सरकार ने राज्य में पांच किफायती ‘मल्टीस्पेशलिटी’ अस्पताल बनाने के लिए निजी स्वास्थ्य सेवा कंपनियों के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ये 100 से 200 बिस्तर वाले अस्पताल अनुगुल, बड़बिल, भद्रक और झारसुगुड़ा में ‘पीपीपी मोड’ में स्थापित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि पीपीपी (सार्वजनिक निजी भागीदारी) मोड में स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने की किसी भी राज्य द्वारा यह अपनी तरह की पहली पहल है।

उन्होंने कहा, ‘‘ इसमें निजी स्वास्थ्य सेवा संचालकों की प्रमुख भूमिका है। इसलिए हम जिला स्तर पर संस्थान स्थापित करने के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी निवेश को प्रोत्साहित कर रहे हैं।’’

पटनायक ने कहा कि राज्य इन अस्पतालों को शीघ्र चालू करने के लिए हर संभव सहायता सुनिश्चित करेगा।

अधिकारियों ने कहा कि इन पांच अस्पतालों को करीब 500 करोड़ रुपये के निवेश से बनाया जाएगा। इससे 3,500 से अधिक लोगों के लिए रोजगार उत्पन्न होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)