देश की खबरें | ओडिशा को रेल क्षेत्र के लिए केंद्र से धनराशि मांगने की अब जरुरत नहीं: वैष्णव

भुवनेश्वर, 17 सितंबर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को कहा कि ओडिशा सरकार को अब रेल क्षेत्र के विकास के लिए धन मांगने के लिए केंद्र से संपर्क करने की जरूरत नहीं है क्योंकि उसने इस साल राज्य को ‘‘अब तक का सबसे अधिक’’ आवंटन प्रदान किया है।

वैष्णव ने कहा कि पिछली सरकार के शासनकाल के दौरान, ओडिशा से प्रतिनिधिमंडल रेल परियोजनाओं के लिए राज्य के लिए धन मांगने के लिए नयी दिल्ली आते थे।

वैष्णव ने कहा, ‘‘उस समय, ओडिशा को एक वर्ष में औसतन 800 करोड़ रुपये मिलते थे (बजट में रेलवे आवंटन के रूप में)... अब, नरेन्द्र मोदी सरकार ने रेल क्षेत्र के लिए राज्य को 10,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं (नवीनतम बजट में)।’’

उन्होंने कहा कि राज्य में रेलवे के काम की गति भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि पहले जहां लगभग 50 किलोमीटर नयी रेल लाइन बनाई जा रही थी, वहीं अब पिछले साल इसे बढ़ाकर 450 किलोमीटर कर दिया गया है।

मंत्री ने बताया, ‘‘चालू वित्त वर्ष में 500 किलोमीटर रेल लाइन बिछाने का लक्ष्य रखा गया है।’’

नयी खुर्दा-बोलंगीर रेल लाइन पर, वैष्णव ने कहा कि खुर्दा से दासपल्ला तक और बोलांगीर से सोनपुर तक का काम पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा, "परियोजना के शेष हिस्से के लिए तेजी से काम चल रहा है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)