देश की खबरें | ओडिशा: मुख्यमंत्री माझी ने अंत्योदय गृह योजना शुरू की

भुवनेश्वर, 30 मार्च ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरन माझी ने रविवार को कलाहांडी जिले के भवानीपटना में राज्य सरकार की एक प्रमुख आवास योजना अंत्योदय गृह योजना की शुरुआत की।

इस योजना के तहत सभी जारी आवास योजनाओं, प्राकृतिक /मानव निर्मित आपदाओं के शिकार, विकास परियोजनाओं के कारण विस्थापित परिवारों, ऐसे दिव्यांग जो परिवार के मुख्य कमाई वाले सदस्य है और वन अधिकार अधिनियम के पात्र लाभार्थियों को पक्के घर दिये जाएंगे।

माझी ने मंच पर 10 लाभार्थियों को कार्य आदेश वितरित किए जबकि योजना के शुरुआती दिन राज्य भर में कुल 60,000 कार्य आदेश जारी किए गए।

मुख्यमंत्री ने कालाहंडी जिले के लिए 617.51 ​​करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी, 223.66 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 393.85 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई।

माझी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 1970 के दशक से आज तक गरीब लोग घर पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और अब, सभी के पास अपना पक्का घर होगा।

उन्होंने कहा कि सरकार नई योजना के तहत सबसे गरीब और सबसे असहाय लोगों को घर प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2018 में हर जरूरतमंद व्यक्ति को पक्का घर प्रदान करने की घोषणा की थी और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजाना शुरू की गयी थी।

उन्होंने कहा, “इस मिशन को और तेज करने के लिए हमने ओडिशा में अंत्योदय गृह योजना शुरू की है। इस योजना के जरिये सभी के लिए एक पक्का घर सुनिश्चित किया जा सकेगा।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)