खुर्दा, 27 मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को ओडिशा के खुर्दा जिले में उप-जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और पार्टी उम्मीदवार प्रशांत जगदेव की बिना शर्त रिहाई की मांग की। उन्हें 25 मई को मतदान के दौरान ईवीएम में तोड़फोड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
कार्यकर्ताओं ने धमकी दी कि अगर चिल्का के विधायक को रिहा नहीं किया गया तो वे राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध करेंगे और खुर्दा शहर में बंद का आह्वान करेंगे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने खुर्दा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे जगदेव को गिरफ्तार करने की साजिश रची है। उन्होंने मांग की कि मतदान केंद्र का सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किया जाए।
भाजपा सांसद और भुवनेश्वर लोकसभा सीट से उम्मीदवार अपराजिता सारंगी ने कहा, "स्थानीय लोगों का दावा है कि जगदेव ने कोई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) नष्ट नहीं की। मतदान केंद्र के सीसीटीवी फुटेज की जांच क्यों नहीं की जा रही है? पुलिस को मतदान केंद्र की फुटेज सार्वजनिक करनी चाहिए।"
जगदेव को पुलिस ने शनिवार को बेगुनिया विधानसभा क्षेत्र के कौंरीपटना मतदान केंद्र पर ईवीएम में तोड़फोड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। वे वहां अपनी पत्नी के साथ 25 मई को मतदान करने गए थे।
खुर्दा के पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार ने कहा कि पीठासीन अधिकारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि विधायक ने मतदान केंद्र पर हंगामा किया, मतदान प्रक्रिया में बाधा डाली और मतदान कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY