छत्रपति संभाजीनगर, 31 जनवरी पुलिस ने महाराष्ट्र के नांदेड़ में देग्लूर स्थित एक नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेज के प्रबंधन के खिलाफ शिकायत की जांच शुरू कर दी है जिसमें कॉलेज पर कथित तौर पर अंतिम परीक्षा आयोजित नहीं करके करीब 400 छात्रों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कुछ छात्रों ने तो यहां तक चेतावनी दी कि यदि मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो वे आत्मदाह जैसे चरम कदम उठाएंगे।
उन्होंने बताया कि 'समृद्धि कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज' के विद्यार्थियों ने नांदेड़ के पुलिस उपाधीक्षक (डीवाईएसपी) कार्यालय में लिखित शिकायत सौंपी है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, "शिकायत के अनुसार कॉलेज ने 2021 में प्रवेश लेने वाले लगभग 400 छात्रों को धोखा दिया। छात्रों से कहा गया कि उनका डिप्लोमा पाठ्यक्रम तीन साल में पूरा हो जाएगा और उसी के अनुसार उनसे फीस ली गई।"
उन्होंने बताया कि अपनी शिकायत में छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्हें परीक्षा के लिए पड़ोसी राज्य कर्नाटक के बेंगलुरू, बीदर और हुमनाबाद भेजा गया था, लेकिन यह कहकर वापस भेज दिया गया कि परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। छात्रों को जब लगा कि कॉलेज प्रबंधन परीक्षा आयोजित करने से बच रहा है तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।
उन्होंने बताया कि उनकी शिकायत जांच के लिए संबंधित पुलिस थाने को भेज दी गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY