नयी दिल्ली, आठ मई वैश्विक प्रौद्योगिकी सेवा क्षेत्र में होने वाले सौदों की संख्या में नरमी आई है। साल 2023 की पहली तिमाही में इन सौदों की संख्या साल भर पहले के 270 से घटकर करीब 150 रह गई है। एक रिपोर्ट में यह आकलन पेश किया गया है।
ईवाई और नैसकॉम की संयुक्त रिपोर्ट के मुताबिक, प्रौद्योगिकी सेवा क्षेत्र के लिए 2022 का साल विरोधाभासों से भरा रहा। इस दौरान प्रौद्योगिकी सेवा क्षेत्र में हुए विलय एवं अधिग्रहण और निजी इक्विटी खरीद के सौदों का कुल मूल्य 57 अरब डॉलर से अधिक रहा था। यह राशि वर्ष 2020 के 27 अरब डॉलर से दोगुना से भी अधिक है।
हालांकि, कैलेंडर वर्ष 2023 की पहली तिमाही यानी जनवरी-मार्च में इस क्षेत्र में होने वाले सौदों और उनके मूल्य में गिरावट दर्ज की गई है। मार्च, 2023 की तिमाही में इस तरह के 150 से अधिक सौदे हुए हैं, जबकि पिछले साल समान तिमाही में 270 से अधिक और 2021 की पहली तिमाही में 220 से अधिक सौदे हुए थे।
‘‘प्रौद्योगिकी सेवा क्षेत्र में विलय एवं अधिग्रहण के रुझान एवं परिदृश्य’’ शीर्षक से जारी रिपोर्ट कहती है कि 2023 में बाजार के अधिक सतर्क रहने और जोखिम प्रबंधन के लिए सौदों की रचनात्मक संरचना अपनाने की संभावना है। रिपोर्ट में मझोले आकार वाली कंपनियों के विलय एवं अधिग्रहण में सक्रिय रहने की उम्मीद जताई गई है।
इसके मुताबिक, रणनीतिक खरीदारों के कुछ वर्गों और निजी इक्विटी खरीद की वजह से साल के बाकी समय में सौदों की रफ्तार बनी रहने की संभावना है।
प्रौद्योगिकी सेवा क्षेत्र में सूचना प्रौद्योगिकी सेवाओं के अलावा व्यवसाय प्रक्रिया प्रबंधन (बीपीएम), इंजीनियरिंग और शोध एवं विकास भी शामिल हैं। वर्ष 2022 में इन सभी खंडों में कुल मिलाकर 947 सौदे हुए थे जो पांच साल का उच्चस्तर है।
ईवाई इंडिया के प्रौद्योगिकी क्षेत्र प्रमुख नितिन भट्ट ने कहा, ‘‘विभिन्न खंडों में दो साल में खरीद गतिविधियां तेज रही हैं। हालांकि, इस साल की पहली तिमाही में इसमें सुस्ती आई है।’’
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY