देश की खबरें | नूंह हिंसा : एनसीपीसीआर ने पत्थरबाजी में बच्चों की संलिप्तता की जांच की मांग की

नयी दिल्ली, एक अगस्त राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने हरियाणा के नूंह जिले में हाल ही में सांप्रदायिक हिंसा के दौरान पत्थरबाजी और अन्य गैर कानूनी गतिविधियों में बच्चों को कथित रूप से इस्तेमाल किए जाने को लेकर जांच की मांग की है।

हरियाणा प्रशासन को लिखे एक पत्र में एनसीपीसीआर ने सोमवार को हुई हिंसा में बच्चों के कथित शोषण के संबंध में प्रशासन को तुरंत ध्यान देने और कार्रवाई करने की मांग की है।

आयोग ने पत्र में कहा, ''आयोग आपके कार्यालय से मामले पर गौर करने और घटना की जांच कराने का अनुरोध करता है। इसके अलावा इस गैरकानूनी प्रदर्शन में जिन बच्चों का प्रयोग किया गया उनकी पहचान की जानी चाहिए और अगर उनकी सुरक्षा को सुनिश्चित करने की जरूरत है तो उन्हें बाल सुधार समिति के समक्ष पेश किया जाना चाहिए।''

विक्षुब्ध करने वाले सोशल मीडिया पोस्ट के मद्देनजर एनसीपीसीआर ने नूंह में विश्व हिंदू परिषद के जुलूस पर हमले के दौरान पत्थरबाजी और अन्य गैर कानूनी गतिविधियों में नाबालिगों की संलिप्तता पर गंभीर चिंता व्यक्त की।

एनसीपीसीआर ने मामले पर स्वत: संज्ञान लिया और बाल अधिकारों के उल्लंघन से संबंधित समस्याओं को हल करने की महत्वता पर जोर दिया।

एनसीपीसीआर के पत्र में स्थानीय प्राधिकारियों से बच्चों के शोषण से जुड़ी इन घटनाओं की जांच कराने की मांग की गई है।

सोमवार को हुई हिंसा में पांच लोगों की मौत हो गई थी।

नूंह में भीड़ द्वारा विश्व हिंदू परिषद के एक जुलूस को रोकने के प्रयास में होमगार्ड के दो जवान सहित चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए जबकि गुरुग्राम में एक नायब इमाम की हत्या कर दी गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)