देश की खबरें | आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत नीति आयोग की ‘डेल्टा रैंकिंग’ में नूंह दूसरे पायदान पर

चंडीगढ़, 10 अगस्त हरियाणा का नूंह जिला ‘आकांक्षी जिला कार्यक्रम’ के तहत नीति आयोग की ‘डेल्टा रैंकिंग’ में दूसरे पायदान पर रहा है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने एक बयान में कहा कि कार्यक्रम का लक्ष्य भारत में सामाजिक-आर्थिक रूप से सबसे चुनौतीपूर्ण जिलों का उत्थान और विकास करना है तथा नूंह में यह प्रगति निश्चित रूप से सही दिशा में बढ़ता एक कदम है।

उन्होंने कहा कि कई मापदंडों पर जिले की रैंकिंग में सुधार के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। उपायुक्त ने कहा कि कृषि और जल संसाधन के मापदंडों में नूंह शीर्ष पर है जबकि स्वास्थ्य और पोषण के मापदंडों में यह दूसरे स्थान पर है।

उन्होंने बताया कि अन्य विभागों की रैंकिंग में लगातार सुधार के कारण जिले को कुल मिलाकर दूसरा स्थान मिला है।

आकांक्षी जिलों के लिए होने वाली ‘डेल्टा रैंकिंग’ स्वास्थ्य व पोषण, शिक्षा, कृषि व जल संसाधन, वित्तीय समावेशन और बुनियादी ढांचे के विकास क्षेत्रों में उनके द्वारा की गई प्रगति को मापती है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘नागरिकों की जागरूकता और जिला प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किए गए समर्पित प्रयासों के परिणामस्वरूप, नूंह जिले ने देश के आकांक्षी जिलों की डेल्टा रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल किया है।’’

गौरतलब है कि हाल में नूंह में हुई सांप्रदायिक हिंसा में दो होम गार्ड समेत पांच लोगों की मौत हुई थी। हिंसा भड़कने के बाद निकटवर्ती गुरुग्राम में एक मस्जिद पर हुए हमले में एक इमाम की भी मौत हो गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)