जरुरी जानकारी | कुशल भारतीय श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए एनएसडीसी का सऊदी सरकार के साथ समझौता

रियाद, 15 दिसंबर राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) ने भारत के कुशल श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए सऊदी अरब सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

एनएसडीसी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) वेद मणि तिवारी ने कहा, ‘‘ भारत में कुशल मजदूर एनएसडीसी में अपना पंजीकरण करा सकते हैं... जिसके बाद हमें पता चल सकेगा कि वे कहां जा रहे हैं, किस काम के लिए जा रहे हैं और किसके साथ काम करने वाले हैं।’’

उन्होंने कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया नि:शुल्क होगी। एसी मैकेनिक और कार पेंटर सहित सभी श्रेणियों के मजदूर एनएसडीसी पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

तिवारी ने कहा, ‘‘कौशल भारत मिशन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुरू किया। वर्तमान में हम 13 देशों के साथ काम कर रहे हैं और आने वाले दिनों में हम 30 कौशल अंतरराष्ट्रीय केंद्र खोलने जा रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि यह सच नहीं है कि वे सभी एजेंट जिनके जरिए लोग भारत से सऊदी अरब जाते हैं..वे बुरे हैं। यदि लोग एजेंट के जरिए जाना चाहते हैं, तो वे ऐसा कर सकते हैं। इसके लिए बस उन्हें एनएसडीसी में पंजीकरण कराना होगा। कागजी काम एनएसडीसी के माध्यम से किया जाएगा।’’

इस बीच, हाल ही में यहां आयोजित वैश्विक श्रम बाजार सम्मेलन (जीएलएमसी) के वाइस चेयरमैन अहमद अल यामानी ने कहा कि सऊदी अरब में काम करने वाले भारतीय मजदूरों को वेतन संरक्षण प्रणाली तथा आवाजाही की स्वतंत्रता की पेशकश की जाएगी।

उन्होंने कहा कि वेतन संरक्षण प्रणाली इलेक्ट्रॉनिक संस्करण के साथ मौजूद है। लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक कर्मचारी को समय पर भुगतान मिले।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)