देश की खबरें | मुंबई में रह रहे उत्तर भारतीयों ने महाराष्ट्र की संस्कृति को आत्मसात कर लिया है : फडणवीस

मुंबई, 15 अप्रैल मुंबई में होने वाले नगर निकाय चुनाव से पहले उत्तर भारतीय मतदाताओं को संभवत: लुभाने की कोशिश के तहत भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर भारतीय जो पिछली तीन पीढियों से इस शहर में रह रहे हैं वे अब मुंबईकर हैं।

मुंबई के पश्चिमी उपनगर बांद्रा स्थित उत्तर भारतीय संघ (यूबीएस) भवन में कैंसर पीड़ितों के रिश्तेदारों और तीर्थयात्रियों के लिए बने बाबू आरएन सिंह अतिथि गृह का उद्घाटन करने के लिए आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह बात कही।

उन्होंने कहा कि उत्तर भारतीय जो तीन-चार पीढ़ियों से इस शहर (मुंबई) में रह रहे हैं उन्होंने महाराष्ट्र की संस्कृति को आत्मसात कर लिया है।

फडणवीस ने कहा कि कैंसर पीड़ित और उनके रिश्तेदार पूरे देश से मुंबई स्थित टाटा मेमोरियल अस्पताल में इलाज कराने आते हैं और उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से कैंसर पीड़ितों के रिश्तेदारों को राहत मिलेगी जिन्हें बहुत मामूली कीमत पर नव उद्घाटित अतिगृह में रहने और भोजन की सुविधा मिलेगी।

अपना अनुभव साझा करते हुए फडणवीस ने कहा कि जब उनके पिता का अस्पताल में इलाज चल रहा था तब उन्होंने फुटपाथ पर कैंसर पीड़ितों के रिश्तेदारों को रहते देखा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)