नोएडा, 19 जनवरी थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के एटीएस गोल चक्कर के पास मंगलवार शाम एक फैक्ट्री कर्मचारी पर गोली चलाने के आरोप में पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार उक्त कर्मचारी पर हमले के मामले का खुलासा करते हुए बृहस्पतिवार को दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि इस घटना में अभिषेक की मौसी भी शामिल थी जो फरार है।
पुलिस के अनुसार अभिषेक के मकान पर उसकी मौसी ने जबरन कब्जा कर रखा था। पुलिस के अनुसार अभिषेक ने अपनी मौसी से मकान खाली करवा लिया था। पुलिस के अनुसार इसका बदला लेने के लिए अभिषेक की मौसी ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर उसके ऊपर जानलेवा हमला करवाया।
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) विशाल पांडे ने बताया कि मूल रूप से जनपद बलिया के रहने वाले अभिषेक सूरजपुर कस्बे में परिवार के साथ रहते हैं और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक कारखाने में नौकरी करते हैं।
उन्होंने बताया कि अभिषेक मंगलवार शाम ड्यूटी करके बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। उन्होंने बताया कि अभिषेक एटीएस गोल चक्कर के समीप पहुंचा तो पहले से ही घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने अभिषेक को पीछे से गोली मार दी। पांडे ने बताया कि पीठ में गोली लगने से अभिषेक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया।
उन्होंने बताया कि घटना की जांच कर रही थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने आज इस मामले में शामिल जयवर्धन और अमित को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि अभिषेक की मौसी उसके मकान में रहती थी, उसने अपनी मौसी से मकान खाली करवा लिया था, लेकिन वह (मौसी) मकान पर कब्जा करना चाहती थी।
पांडे ने बताया कि मकान खाली कराने का बदला लेने के लिए अभिषेक की मौसी ने अपने दोस्त जयवर्धन और अमित के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई। उन्होंने बताया कि घायल व्यक्ति की मौसी की पुलिस तलाश कर रही है जो फरार है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार बरामद कर लिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY