लॉस एंजिलिस, 17 सितंबर अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अमेरिका में वाशिंगटन राज्य के सिएटल में भारतीय छात्रा जाह्नवी कंडुला की मौत और उससे जुड़े घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जीवन तो जीवन होता है और कोई भी व्यक्ति किसी की जान की कोई कीमत नहीं लगा सकता।
कंडुला जब 23 जनवरी 2023 को सड़क पार कर रही थी, तब पुलिस के एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी। इस वाहन को केविन डेव नाम का अधिकारी चला रहा था। वह मादक पदार्थ के ‘ओवरडोज’ से जुड़े एक मामले की सूचना पर गति सीमा का उल्लंघन करके 119 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिक रफ्तार से वाहन चला रहा था।
सिएटल पुलिस विभाग द्वारा सोमवार को जारी किए गए ‘बॉडीकैम फुटेज’ में अधिकारी डेनियल ऑडरर को इस घातक दुर्घटना के बारे में हंसकर बात करते हुए पाया गया। इसी के साथ वह डेव की गलती की गुंजाइश को खारिज करते हुए भी नजर आ रहे हैं।
बॉडीकैम रिकॉर्डिंग वीडियो में ऑडररन को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ‘‘हां, बस एक चेक काटो... 11,000 अमेरिकी डॉलर का। वह वैसे भी 26 साल की थी। उसके जीवन की कीमत मामूली थी।’’
लॉस एंजिलिस में रह रहीं प्रियंका ने शनिवार रात इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘यह भयावह है कि नौ महीने पहले हुई यह दुखद घटना अब सामने आई है। एक जीवन तो जीवन होता है। कोई इसकी कोई कीमत नहीं लगा सकता।’’
अमेरिकी सांसदों और भारतीय-अमेरिकियों ने कंडुला की मौत पर आक्रोश व्यक्त किया है।
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने भारत सरकार को घटना की शीघ्र जांच करने और इसके लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को न्याय के दायरे में लाने का आश्वासन दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY