नयी दिल्ली, 14 जून मानसून की भारी बारिश को ध्यान में रखते हुए गोवा में अगले सप्ताह पर्यटन विषय पर जी-20 के दो प्रमुख कार्यक्रमों की तैयारी की गई है लेकिन आसन्न चक्रवात ‘बिपारजॉय’ के कारण कार्यक्रमों पर किसी तरह के प्रभाव को लेकर फिलहाल कोई चिंता नहीं है। एक शीर्ष अधिकारी ने बुधवार को यह बात कही।
बहुत प्रचंड चक्रवाती तूफान के रूप में ‘बिपारजॉय’ के 15 जून को गुजरात के कच्छ जिले में जखौ बंदरगाह के पास टकराने की संभावना है।
चौथी जी-20 पर्यटन कार्यसमूह बैठक और जी-20 मंत्रिस्तरीय बैठक गोवा में 19 से 22 जून तक होनी है।
भारत 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाएगा जो गोवा में आयोजित होने वाले जी-20 कार्यक्रमों के समय ही होगा।
केंद्रीय पर्यटन सचिव वी विद्यावती ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मानसून के मौसम को देखते हुए योग से संबंधित सभी कार्यक्रम इनडोर परिसरों में आयोजित किए जाएंगे।
यह पूछे जाने पर कि क्या चक्रवात ‘बिपारजॉय’ के कारण गोवा में जी-20 आयोजनों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर कोई चिंता है, उन्होंने कहा, "यह मानसून का समय है। हम इस पर नजर रखेंगे, खासकर तब जब यह मानसून का मौसम है। मानसून की भारी बारिश को ध्यान में रखते हुए जी-20 आयोजनों की तैयारी की गई है। लेकिन, (चक्रवात बिपारजॉय के कारण) फिलहाल कोई चिंता नहीं है"।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY