नयी दिल्ली, आठ सितंबर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें इस बात की बहुत उम्मीद नहीं है कि रूस-यूक्रेन संघर्ष पर निकट भविष्य में कोई शांति समाधान निकल पाएगा।
गुतारेस ने जी20 सम्मेलन से पहले यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दोनों देश अब भी संघर्ष को समाप्त करते हुए नहीं दिखाई दे रहे।
क्या भारत युद्ध को समाप्त करने में मध्यस्थता कर सकता है, इस बारे में पूछे जाने पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा, ‘‘जब संघर्ष होता है तो सभी तरह के मध्यस्थता के प्रयासों का स्वागत है....(लेकिन) मुझे बहुत उम्मीद नहीं है कि निकट भविष्य में कोई शांति समाधान निकलेगा।’’
बहुपक्षीय संस्थानों में सुधारों की जरूरत पर जोर देते हुए गुतारेस ने कहा कि जब इन संस्थानों का सृजन किया गया था, तब आज के कई देश अस्तित्व में भी नहीं थे।
उन्होंने कहा, ‘‘यह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) और कई अन्य के लिए भी सच है।’’
जब पूछा गया कि क्या यह भारत के यूएनएससी का सदस्य बनने का समय है, इस पर गुतारेस ने कहा, ‘‘इसका निर्णय मुझे नहीं लेना कि यूएनएससी में कौन शामिल होगा, यह फैसला सदस्यों को लेना है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन यह जाहिर है कि आज भारत दुनिया का सबसे बड़ी जनसंख्या वाला देश है और बहुपक्षीय प्रणाली में बहुत महत्वपूर्ण साझेदार है।’’
गुतारेस ने कहा, ‘‘मैं केवल इतना कह सकता हूं कि मुझे लगता है कि हमें आज की दुनिया को परिलक्षित करने के लिए बहुपक्षीय प्रणाली में सुधारों की जरूरत है।’’
क्या बहुपक्षीय संस्थानों में सुधार के लिए समय-सीमा होनी चाहिए, इस पर संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा, ‘‘इसकी जरूरत है, लेकिन मुझे पक्की तरह नहीं पता कि यह होगी। मुझे लगता है कि यह तत्काल जरूरी है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY