देश की खबरें | जम्मू कश्मीर के सांबा में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रात का कर्फ्यू लगाया गया

जम्मू, तीन जनवरी जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे एक किलोमीटर के दायरे में अधिकारियों ने मंगलवार को रात का कर्फ्यू लगा दिया। कर्फ्यू क्षेत्र पर बीएसएफ जवानों की प्रभावी पकड़ सुनिश्चित करने के मद्देनजर लगाया गया है। एक आधिकारिक आदेश से यह जानकारी मिली।

आदेश में बताया गया है कि यह कदम कोहरे की वर्तमान स्थिति में सीमा पार से घुसपैठ और ड्रोन के जरिए हथियारों की तस्करी के खतरे को देखते हुए उठाया गया है।

जिलाधिकारी अनुराधा गुप्ता द्वारा जारी आदेश के तहत सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) से एक किलोमीटर तक के क्षेत्र में रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक नागरिकों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

आदेश में कहा गया है, “कोई भी व्यक्ति या व्यक्तियों का समूह सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे एक किलोमीटर तक के क्षेत्र में रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक आवाजाही नहीं करेगा।”

आदेश में कहा गया है कि जिला स्तरीय स्थायी समिति की बैठक के दौरान, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से एक किलोमीटर के दायरे में रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक रात का कर्फ्यू लगाने की बात कही ताकि वे अपने कर्तव्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से निभा सकें।

यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और दो महीने तक जारी रहेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)