देश की खबरें | एनआईए घोषित आतंकवादियों पन्नुन और निज्जर की सम्पत्तियां कुर्क करेगी
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, आठ सितम्बर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) घोषित आतंकवादियों गुरपतवंत सिंह पन्नुन और हरदीप सिंह निज्जर की पंजाब में स्थित अचल सम्पत्तियां कुर्क करेगी। अमेरिका में रहने वाला गुरपतवंत सिंह पन्नुन प्रतिबंधित ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ (एसएफजे) का सदस्य है जबकि कनाडा में रह रहा हरदीप सिंह निज्जर ‘खालिस्तान टाइगर फोर्स’ का प्रमुख है। यह जानकारी अधिकारियों ने मंगलवार को दी।

एनआईए के एक अधिकारी के अनुसार, भारत सरकार ने गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) (यूएपीए) कानून की धारा 51 ए के तहत प्रदत अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए पन्नुन की अमृतसर और निज्जर की जालंधर में स्थित अचल सम्पत्तियों को कुर्क करने का आदेश दिया है।

यह भी पढ़े | Kashmir में लश्कर-ए-तैयबा के 3 मददगार गिरफ्तार, हैंड ग्रेनेड जब्त.

इस वर्ष जुलाई में पन्नुन और निज्जर को सात अन्य व्यक्तियों के साथ यूएपीए कानून के प्रावधानों के तहत आतंकवादी घोषित किया गया था।

एसएफजे और खालिस्तान टाइगर फोर्स, दोनों ही अलगाववादी खालिस्तानी संगठन हैं।

यह भी पढ़े | दिल्ली में कोरोना टेस्ट कराने के लिए दिल्ली का आधार और ICMR फार्म भरना होगा जरूरी: दिल्ली हाई कोर्ट: 8 सितंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

अधिकारी ने बताया कि एनआईए, तथाकथित 'खालिस्तान' के लिए अलगाववादी संगठन एसएफजे द्वारा ‘सिख रेफरेंडम 2020’ के बैनर तले शुरू किए गए एक अभियान से संबंधित एक मामले की जांच कर रही है।

एनआईए ने जांच के दौरान पन्नुन की अमृतसर में और निज्जर की जालंधर में स्थित अचल सम्पत्तियों की पहचान की है और सरकार से उनकी कुर्की के लिए अनुरोध किया।

एनआईए अधिकारी ने कहा कि जिन सम्पत्तियों की कुर्की होनी हैं उसमें भूमि भी शामिल है।

अधिकारी ने बताया कि पन्नुन के नेतृत्व वाला एसएफजे सोशल मीडिया पर ‘सिख रेफरेंडम 2020’ को फैलाने का प्रयास कर रहा है। अधिकारी ने बताया कि यह संगठन अमेरिका और कुछ अन्य देशों में कुछ स्थानों पर बैठकें करने का भी प्रयास कर रहा है जिससे कि वे अपने अवैध गतिविधियों के लिए लोगों को भड़का सकें और उन्हें जुटा सकें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)