नयी दिल्ली, 31 जनवरी राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने भारत में आतंकवादी गतिविधियों में युवाओं को शामिल करने के लिए प्रतिबंधित आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) द्वारा रची गई साजिश से जुड़े एक मामले में एक आरोपी के खिलाफ मंगलवार को आरोपपत्र दाखिल किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एनआईए के प्रवक्ता ने बताया कि बिहार के पटना निवासी मोहम्मद मोहसिन अहमद के खिलाफ यहां पटियाला हाउस अदालत में जांच एजेंसी की एक विशेष अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया गया।
उन्होंने बताया कि आईएसआईएस द्वारा अपनी विचारधारा के प्रचार-प्रसार और समूह के लिए धन जुटाने की साजिश से संबंधित मामला पिछले साल 25 जून को एनआईए द्वारा स्वत: संज्ञान लेते हुए दर्ज किया गया था।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘जांच के दौरान, यह सामने आया है कि अहमद ने आईएसआईएस के लिए धन जुटाया और क्रिप्टो मुद्रा के माध्यम से सीरिया स्थित आईएसआईएस संचालकों को धनराशि भेजी।
प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोपपत्र दाखिल किया गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘जांच से पता चला है कि आरोपियों ने आईएसआईएस की विचारधारा के प्रचार-प्रसार के लिए आईएसआईएस में अपने आका और अन्य लोगों के साथ साजिश रची, जिसका अंतिम उद्देश्य भारतीय युवाओं को कट्टरपंथी बनाना और उन्हें आतंकवादी समूह में शामिल करना था।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY