देश की खबरें | एनएचआरसी ने जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत के मामले में तमिलनाडु सरकार को नोटिस जारी किया

नयी दिल्ली, 16 मई राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने तमिलनाडु के विल्लुपुरुम और चेंगलपट्टु जिलों में कथित रूप से जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत के मामले में राज्य सरकार और पुलिस प्रमुख को नोटिस भेजा है।

आयोग ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि जाहिर है कि राज्य सरकार अवैध या नकली शराब की बिक्री और खपत पर रोक लगाने में विफल रही है।

एनएचआरसी ने मीडिया में आई इन खबरों का स्वत: संज्ञान लिया है कि 12 मई से तमिलनाडु के विल्लुपुरम और चेंगलपट्टु जिलों में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य अस्पताल में भर्ती हैं।

राज्य के अधिकारियों ने बताया कि कम से कम 14 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है तथा 50 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं।

बयान के मुताबिक, आयोग ने कहा है कि मीडिया में आई खबरें सही हैं तो यह लोगों के जीने के अधिकार का हनन है।

इसमें कहा गया कि आयोग ने तदनुसार, तमिलनाडु के मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी किया है और चार हफ्ते में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

आयोग ने प्राथमिकी, पीड़ितों के उपचार, मुआवज़े के साथ-साथ घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का ब्योरा मांगा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)