जरुरी जानकारी | एनएचपीसी, आंध्र प्रदेश पावर जेनरेशन ने नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिये किया समझौता

नयी दिल्ली, 24 अगस्त सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी एनएचपीसी ने आंध्र प्रदेश पावर जेनरेशन कॉरपोरेशन (एपीजेनको) के साथ शुरुआती समझौता किया है। यह समझौता राज्य में पंप युक्त जल भंडारण जलविद्युत और अन्य नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिये है।

बृहस्पतिवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, समझौता ज्ञापन के तहत पहले चरण में पंप युक्त दो जलविद्युत भंडारण परियोजनाओं का निर्माण किया जाएगा। इसकी कुल क्षमता 1,950 मेगावाट होगी।

ये परियोजनाएं राज्य के कमलापाडु (950 मेगावाट) और यागंती (1,000 मेगावाट) में स्थापित की जाएंगी।।

एक बार तैयार होने के बाद, इन परियोजनाओं से रोजगार के महत्वपूर्ण अवसर पैदा होने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

परियोजनाओं को एक संयुक्त उद्यम के रूप में कार्यान्वित किया जाएगा

आधिकारिक बयान के अनुसार, एनएचपीसी ने आंध्र प्रदेश में पंपयुक्त जल भंडारण परियोजनाओं और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के कार्यान्वयन के लिये आंध्र प्रदेश पावर जेनरेशन कॉरपोरेशन (एपीजेनको) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये हैं।

आंध्र प्रदेश के गुंटूर के ताडेपल्ली में मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन पर बुधवार को हस्ताक्षर किये गये। समझौते पर एनएचपीसी के निदेशक (वित्त) आर पी गोयल और एपीजेनको के प्रबंध निदेशक के वी एन चक्रधर बाबू ने हस्ताक्षर किये।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)