देश की खबरें | वैश्विक मंच पर सम्मान प्राप्त कर रहा है ‘नया भारत’ : मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

उन्होंने कहा कि आज के भारत के पास राष्ट्रीय सुरक्षा की गारंटी होने के साथ ही विश्व स्तरीय आधारभूत ढांचा (वर्ल्ड क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर) है।

उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को दुनिया की एक बड़ी ताकत के रूप में स्थापित करने के साथ एक विकसित भारत के निर्माण के लिए सभी को जोड़ने का एक अभियान है।

एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘‘विकसित भारत संकल्प यात्रा 15 नवंबर से पूरे देश में एक साथ प्रारम्भ हुई थी। वहीं उत्तर प्रदेश में इस यात्रा की शुरुआत लखीमपुर खीरी और सोनभद्र जनपद से हुई थी।’’

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यात्रा के अंतर्गत 536 मोदी गारंटी वीडियो वैन चल रही हैं, जो उत्तर प्रदेश में अब तक 1072 कार्यक्रम कर चुकी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ भारत की आजादी के अग्रदूत और जनजातीय समुदाय से संबंध रखने वाले बिरसा मुंडा जी की जयंती से शुरू हुई यह यात्रा 26 जनवरी 2024 तक पूरे देश के अंदर चलेगी।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा पूरे देश में सभी ग्राम पंचायतों और नगर निकायों में निकल रही है। यात्रा के अंतर्गत केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं के लाभार्थी अपनी सफलता की कहानी स्वंय बता रहे हैं। साथ ही विभिन्न योजनाओं में पात्रता श्रेणी में आने वाले लोगों का यात्रा के अंतर्गत ही फार्म भी भरा जा रहा है और समयबद्ध तरीके से उन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘ एक करोड़ 75 लाख से अधिक माताओं और बहनों को उज्ज्वला योजना के तहत दीपावली पर निशुल्क में रसोई गैस सिलेंडर दिया गया है। अब होली में भी हमारी सरकार ऐसे लोगों को एक-एक सिलेंडर मुफ्त में देगी।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के अंतर्गत ‘डबल इंजन’ की सरकार उन सभी पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएगी, जो किन्हीं वजहों से अभी तक वंचित रह गए थे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के अंतर्गत लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने छः माह से ऊपर आयु वर्ग के कुछ बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।

कार्यक्रम में जनपद की प्रभारी मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, सांसद प्रवीण कुमार निषाद सहित अन्य जन प्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद थे।

जफर

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)