जरुरी जानकारी | झारखंड के नये भवन का नाम श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर किया गया

नई दिल्ली, छह जुलाई केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा कि भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई), झारखंड के नये प्रशासनिक और अकादमिक भवन का नाम, भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर रखा गया है। यह नामकरण मुखर्जी (6 जुलाई 1901 – 23 जून 1953)की जयंती पर किया गया।

इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मुखर्जी ने अपना जीवन देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित किया, एक राष्ट्र-एक विधान का आह्वान किया और कश्मीर में बलिदान दिया।

यह भी पढ़े | देश में कोरोना रिकवरी रेट 60.77 प्रतिशत हुआ, तेजी से ठीक हो रहे संक्रमित, अब तक 4 लाख से ज्यादा मरीजों ने जीती जंग.

एक सरकारी बयान में कहा गया कि तोमर ने झारखंड के हजारीबाग में बरही के पास गौरिया कर्मा में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) के नवनिर्मित गेस्ट हाउस का उद्घाटन किया और इस अवसर पर डिजिटल संबोधन किया।

उन्होंने कहा, "बजट 2020-21 में घोषित 16 सूत्रीय कार्ययोजना और नए कानूनी प्रावधानों से किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद मिलेगी।" उन्होंने कृषि बाजारों को उदारीकृत करने, कृषि को प्रतिस्पर्धी बनाने, कृषि आधारित गतिविधियों को सहायता एवं समर्थन करने तथा टिकाऊ कृषि प्रथाओं और अधिकतम नई तकनीक को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

यह भी पढ़े | 7th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बदला गया यात्रा भत्ता से जुड़ा ये नियम, अब नहीं होना पड़ेगा परेशान.

तोमर ने कहा कि बजट 2020-21 में, सरकार ने कृषि गतिविधियों, सिंचाई और ग्रामीण विकास के लिए 2.83 लाख करोड़ रुपये प्रदान किए हैं, जो कि अभी तक का सर्वाधिक आवंटन है।

बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत कई नयी योजनाओं की घोषणा की है जिसमें कृषि क्षेत्र के लिए एक लाख करोड़ रुपये का आधारभुत ढांचा कोष शामिल है।

इसमें कहा गया है कि मत्स्य पालन, पशुपालन, हर्बल खेती, मधुमक्खी पालन आदि के लिए विकास पैकेजों की भी घोषणा की गई है जो सभी कृषि गतिविधियों की प्रगति को सुनिश्चित करेंगे।

तोमर के हवाले से बयान में कहा गया है, "ये पहल कृषि और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के साथ-साथ राष्ट्रीय विकास को संभव बनाने में मदद करेगी।"

देश की बढ़ती आबादी के लिए पर्याप्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए दूसरी हरित क्रांति लाने पर जोर देते हुए, मंत्री ने कहा कि इस तरह की क्रांति लाने के लिए झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों में असीमित संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुख्यालय वाले आईएआरआई, जिसे पूसा संस्थान के रूप में जाना जाता है, ने खाद्यान्न उत्पादन के मामले में देश को आत्मनिर्भर बनाने में इतनी अग्रणी भूमिका निभाई है कि अब देश में खाद्यान्न का अधिशेष उत्पादन होता है।

पूसा संस्थान की उपस्थिति के कारण, लगातार पड़ोसी राज्यों जैसे पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कृषि उत्पादन बढ़ा है।

इस आधार पर, मंत्री ने कहा, झारखंड और असम में दो नए कृषि अनुसंधान संस्थान स्थापित किए गए हैं।

तोमर ने यह भी उल्लेख किया कि कोरोनावायरस संकट के दौरान, कृषि क्षेत्र एक बड़ी ताकत के रूप में उभरा है।

उन्होंने कहा, "अच्छे मानसून की भविष्यवाणियों ने इस साल अच्छी फसल की उम्मीद पैदा की है।"

कृषि राज्यमंत्री पुरुषोत्तम रूपाला और कैलाश चौधरी जैसे केन्द्रीय मंत्री, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक त्रिलोचन महापात्र, आईएआरआई के निदेशक ए के सिंह और अन्य अधिकारियों, वैज्ञानिकों और किसानों ने वीडियो-सम्मेलन में भाग लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)