काठमांडू, 30 जून नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल ‘प्रचंड’ ने शुक्रवार को राष्ट्र को चावल उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने का वादा किया और किसानों से इसका उत्पादन बढ़ाने के लिए जलवायु-अनुकूल तकनीकों का उपयोग करने का आग्रह किया।
यहां राष्ट्रीय धान दिवस के अवसर पर प्रचंड ने कहा कि उनके नेतृत्व वाली सरकार धान की खेती के लिए उचित सिंचाई सुविधाएं सुनिश्चित कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘चावल उत्पादन बढ़ाने के लिए जलवायु, कृषि-अनुकूल तकनीक का उपयोग करें और यही इस वर्ष का राष्ट्रीय धान दिवस का नारा होगा।’’
प्रचंड ने कहा कि सरकार नेपाल को देश के मुख्य खाद्य पदार्थ चावल के मामले में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।
कई अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की तरह चावल नेपाल की मुख्य फसल है। देश ने 2022-2023 में 724,000 मीट्रिक टन चावल का आयात किया, जबकि घरेलू उत्पादन 5,486,000 टन था, जो मांग को पूरा करने के लिए अपर्याप्त है।
चूंकि इस वर्ष देश में मानसून की बारिश देर से हुई, इसलिए कुल कृषि योग्य भूमि के केवल 11 प्रतिशत हिस्से में धान की फसल लगाई गई।
प्रचंड ने कहा कि सरकार देश में किसानों की मदद के लिए सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और सब्सिडी को प्राथमिकता दे रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY