देश की खबरें | भ्रष्टाचार की समस्या से निपटने के लिए लोकायुक्त को मजबूत करने की जरूरत

ईटानगर, चार अगस्त अरूणाचल प्रदेश के राज्यपाल ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) डॉ बीडी मिश्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि भ्रष्टाचार की समस्या से निपटने के लिए लोकायुक्त की संस्था को मजबूत करने की जरूरत है।

राज्य के लोकायुक्त के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) पीके सैकिया ने राजभवन में मिश्रा से मुलाकात की जिसके बाद उनकी यह टिप्पणी आई है।

एक विज्ञप्ति के मुताबिक, सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी पर जोर देते हुए राज्यपाल ने कहा कि संस्थानों के विकेंद्रीकरण की जरूरत है, साथ में किसी एक संस्था या प्राधिकरण में बहुत अधिक शक्ति के संकेंद्रण से बचने के लिए उपयुक्त जवाबदेही तंत्र होना चाहिए।

मिश्रा ने कहा कि भ्रष्टाचार को एक बड़े संकट के रूप में देखा जाता है जो समाज की स्थिरता और सुरक्षा को खतरे में डाल सकता है।

उन्होंने कहा, "भ्रष्टाचार देश के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास के लिए खतरा बनकर लोकतंत्र और नैतिकता के मूल्यों को कमजोर करता है।"

राज्यपाल ने भ्रष्टाचार की समस्या से निपटने के लिए लोकायुक्त की संस्था को मजबूत करने पर जोर दिया ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)