देश की खबरें | राजग सांसद दिल्ली में भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान को तेज करेंगे: सूत्र

नयी दिल्ली, 31 जनवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान को तेज करने के मकसद से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सांसदों को विभिन्न क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंप रही है।

पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शुक्रवार को सांसदों को सौंपे गए क्षेत्रों में उनसे गहन संपर्क अभियान शुरू करने का आग्रह किया।

सूत्रों ने बताया कि दो-दो सांसदों वाले प्रत्येक समूह को दिल्ली में एक-एक मंडल का जिम्मा सौंपा गया है और वे शनिवार से लेकर तीन फरवरी को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन तक अभियान चलाएंगे।

दिल्ली विधानसभा की 70 सीट के लिए पांच फरवरी को मतदान होगा और मतगणना आठ फरवरी को होगी।

नड्डा ने राजग सांसदों की एक बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें भाजपा के प्रमुख सहयोगी दलों के नेता भी मौजूद थे।

एक सांसद ने बताया कि उन्हें 59 बूथ पर मतदाताओं से संपर्क साधने का काम दिया गया है, जिनमें से 31 बूथ चुनौतीपूर्ण माने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई अन्य सांसदों को भी इसी तरह का जिम्मा सौंपा गया है।

भाजपा ने पहले ही केंद्रीय मंत्रियों और राष्ट्रीय स्तर के संगठनात्मक पदाधिकारियों समेत अपने कई वरिष्ठ नेताओं को चुनाव प्रचार के लिए तैनात कर दिया है और उन्हें विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों का प्रभारी बना दिया है।

भाजपा आम आदमी पार्टी को हराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है, जो 2015 से दिल्ली में सत्ता में है। भाजपा ने हाल में हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव में जबरदस्त जीत हासिल की थी, जहां उसे लोकसभा चुनाव में बड़ा झटका लगा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)