नयी दिल्ली, 20 अक्टूबर पूरे भारत से आए एनसीसी के 500 से अधिक कैडेट अपनी तरह के पहले विशेष नौकायन अभियान पर निकलने वाले हैं। इस दौरान वे तीन राज्यों को पार करते हुए गंगा और हुगली नदियों के माध्यम से लगभग 1,200 किलोमीटर की यात्रा करेंगे।
रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि ‘भारतीय नदियां-संस्कृतियों की जननी’ थीम वाले इस अभियान को कानपुर से रवाना किया जाएगा और इसमें राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की नौसेना शाखा के 528 कैडेट शामिल होंगे।
एनसीसी का अपनी तरह का पहला विशेष नौकायन अभियान गणतंत्र दिवस शिविर 2025 तक का एक प्रमुख कार्यक्रम है। यह अभियान उत्तर प्रदेश और बिहार से होकर गुजरेगा और 20 दिसंबर को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में इसका समापन होगा।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘इस अग्रणी अभियान का उद्देश्य भारत की समृद्ध समुद्री परंपराओं का जश्न मनाना है, साथ ही युवाओं को साहसिक कार्य और वर्दी में सेवा के जीवन के लिए प्रेरित करना है।’’
छठे चरण के अभियान में कानपुर से प्रयागराज (260 किमी), प्रयागराज से वाराणसी (205 किमी), वाराणसी से बक्सर (150 किमी), बक्सर से पटना (150 किमी), पटना से फरक्का (230 किमी), फरक्का से कोलकाता (205 किमी) तक की यात्रा होगी।
सभी राज्य निदेशालयों का प्रतिनिधित्व करने वाले कैडेट इस छह-चरणीय जलयात्रा में भाग लेंगे। उनके साथ लगभग 40 सहायक एनसीसी अधिकारी होंगे।
इस यात्रा के दौरान, कैडेट स्थानीय एनसीसी समूहों के साथ जुड़ेंगे और नदी के तटों की सफाई करके और प्लास्टिक के कचरे को हटाकर स्वच्छ भारत पहल में योगदान देंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY