देश की खबरें | एनसीबी ने 27 करोड़ रुपये मूल्य की 2.7 किलोग्राम 'मेथामफेटामाइन' जब्त की

चेन्नई, 29 अक्टूबर तमिलनाडु में एनसीबी ने 27 करोड़ रुपये की कीमत का 2.7 किलोग्राम 'मेथामफेटामाइन (मादक पदार्थ)' जब्त किया और एक श्रीलंकाई नागरिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एनसीबी ने बताया कि श्रीलंकाई नागरिक मादक पदार्थ की तस्करी अपने देश में करने की फिराक में था।

मादक पदार्थ निरोधक एजेंसी ने बताया कि इस संबंध में 15 लाख रुपये नकद भी जब्त किये गये।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि खुफिया जानकारी के आधार पर एनसीबी की चेन्नई इकाई ने बताया कि उसने 22 अक्टूबर को चेन्नई में एक बस स्टैंड के पास दो लोगों को रोका, जिनकी पहचान बाद में विजय कुमार और मणिवन्नन के रूप में हुई और उनके कब्जे से 1.9 किलोग्राम 'मेथामफेटामाइन' जब्त किया गया।

विजय कुमार एक श्रीलंकाई नागरिक है जो कन्याकुमारी शरणार्थी शिविर में रहता था। कुमार मादक पदार्थ की खेप लेने के लिए श्रीलंका आया, वह इसकी तस्करी अपने देश में करने की फिराक में था।

प्रारंभिक पूछताछ के बाद एनसीबी अधिकारियों ने तलाशी ली, जिसके परिणामस्वरूप मणिवन्नन के निवास से अतिरिक्त 900 ग्राम 'मेथमफेटामाइन' जब्त किया गया।

विज्ञप्ति में कहा गया है, "बाद की जांच में एनसीबी ने 15 लाख रुपये नकद जब्त किए। माना जा रह है कि यह मादक पदार्थों की तस्करी से प्राप्त आय है। दोनों संदिग्ध अब न्यायिक हिरासत में हैं और इस मामले की जांच की जा रही है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)