नयी दिल्ली, 18 दिसंबर सरकार ने सोमवार को राष्ट्रीय स्टार्टअप सलाहकार परिषद का पुनर्गठन किया तथा अर्बन कंपनी से अभिराज सिंह भल और स्नैपडील से कुणाल बहल सहित 31 गैर-आधिकारिक सदस्यों को मनोनीत किया है।
उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने देश में नवोन्मेष और स्टार्ट-अप के विकास के मकसद से एक मजबूत परिवेश बनाने के लिए आवश्यक उपायों पर सरकार को सलाह देने के लिए जनवरी 2020 में परिषद का गठन किया था।
डीपीआईआईटी ने एक बयान में कहा कि परिषद के गैर-आधिकारिक सदस्यों का कार्यकाल दो साल के लिए था। चूंकि दो साल का कार्यकाल अब पूरा हो गया है, केंद्र सरकार परिषद में गैर-आधिकारिक सदस्यों को नामांकित करती है। ये विभिन्न अंशधारकों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
मनोनीत गैर-आधिकारिक सदस्यों में आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर अमिताभ बंधोपाध्याय, भारतीय उद्यम और वैकल्पिक कैपिटल एसोसिएशन के कार्तिक रेड्डी, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर योगेश सिंह, जोरोधा के निथिन कामथ, इन्वेस्ट इंडिया के निवरुति राय और सीआईआई जैसे उद्योग मंडल के अध्यक्ष शामिल हैं।
एनएसएसी की आठवीं बैठक 19 दिसंबर को वाणिज्य और उद्योग मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित होनी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY