(फोटो सहित)
कन्याकुमारी, सात सितंबर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंकसेवक संघ पर हर संस्था पर आक्रमण करने और देश को बांटने के प्रयास का आरोप लगाया और कहा कि ये दोनों संगठन तिरंगे को अपनी निजी संपत्ति समझते हैं तथा मौजूदा समय में राष्ट्रीय ध्वज पर हमला हो रहा है।
उन्होंने कन्याकुमारी में ‘भारत जोड़ो’ यात्रा की औपचारिक शुरुआत के मौके पर यह दावा भी किया कि मोदी सरकार सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) और ईडी(प्रवर्तन निदेशालय) का उपयोग करके विपक्षी नेताओं को डराने का प्रयास कर रही है, लेकिन कोई भी विपक्षी नेता भाजपा से डरने वाला नहीं है।
राहुल गांधी ने महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी, नोटबंदी का उल्लेख करते हुए यह भी कहा कि देश गहरे आर्थिक संकट से घिर गया है और अब त्रासदी और बर्बादी की तरफ बढ़ रहा है।
उन्होंने बुधवार को कन्याकुमारी तट से 'भारत जोड़ो' यात्रा की औपचारिक शुरुआत की। राहुल गांधी और 118 अन्य 'भारत यात्री' बृहस्पतिवार को विधिवत पैदल मार्च की शुरुआत करेंगे।
इस मौके पर राहुल गांधी ने बड़ी संख्या में मौजूद नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी में कहा, "ऐसा क्यों है कि आजादी के इतने वर्षों बाद भारत जोड़ो यात्रा की जरूरत को महसूस किया गया। आज करोड़ों लोग महसूस करते है कि भारत को एकजुट करने के लिए कदम उठाने की जरूरत है।"
राहुल ने तिरंगे का उल्लेख करते हुए कहा, "यह तिरंगा कोई उपहार में नहीं मिला है, बल्कि भारत की जनता ने हासिल किया है। यह तिरंगा हर भारतीय, हर धर्म के लोगों, हर व्यक्ति की और हर राज्य का प्रतिनिधित्व करता है। "
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY