देश की खबरें | नासिक में पीट-पीट कर हत्या का मामला : कांग्रेस ने सरकार की आलोचना की

मुंबई, 26 जून कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने कथित तौर पर गौ रक्षकों द्वारा एक व्यक्ति की हत्या को लेकर सोमवार को एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली सरकार की आलोचना की और पूछा कि कि क्या राज्य में कानून का राज है?

महाराष्ट्र के नासिक जिले में गोमांस ले जाने के संदेह में कथित ‘गौरक्षकों’ के एक समूह ने 32 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह घटना शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे नासिक के इगतपुरी इलाके में घोटी-सिन्नार रोड पर गंभीरवाड़ी के पास हुई जब मुंबई के कुर्ला इलाके के दो लोग एक कार में मांस ले जा रहे थे। इसी दौरान उन पर कथित तौर पर 10 से 15 ‘गौरक्षकों’ के एक समूह ने स्टील की छड़ों और लाठियों से हमला कर दिया।

अफान अंसारी (32) और उसका सहयोगी नासिर कुरैशी (24) हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को धामनगांव इलाके के एसएमबीटी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अंसारी की मौत हो गई। मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान ने पूछा कि ‘‘क्या एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली सरकार में कानून का राज है’’ और उन्होंने मृतक के परिजन को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की।

राज्य के पूर्व मंत्री ने कहा कि इस घटना ने शिंदे सरकार पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है और उन्होंने इस पर नासिक ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक शाहजी उमाप से एक रिपोर्ट देने की मांग की।

उन्होंने कहा, ‘‘छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद), अहमदनगर, कोल्हापुर शेवगांव, अमरावती और नासिक समेत कई स्थानों से दंगे तथा झड़पों की खबरें आयी हैं।’’

नासिक में पिछले करीब दो सप्ताह के भीतर यह दूसरी घटना सामने आई है, जब कथित गौरक्षकों द्वारा किसी व्यक्ति की हत्या कर दी गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)