देश की खबरें | नायडू ने राज्यसभा के लिए नवनिर्वाचित पांच सदस्यों को दिलाई शपथ

नयी दिल्ली, 24 जून राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओड़िशा से उच्च सदन के लिए नवनिर्वाचित पांच सदस्यों को सदस्यता की शपथ दिलाई।

संसद भवन परिसर स्थित राज्यसभा के कक्ष में इन सदस्यों को शपथ दिलाई गई।

शपथ लेने वालों में आंध्र प्रदेश से वाईएसआर कांग्रेस के निरंजन रेड्डी सिरगापुर एवं आर कृष्णैया, तेलंगाना से तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के दामोदर राव दिवाकोंडा एवं बी पार्थसारथी रेड्डी और ओड़िशा से बीजू जनता दल (बीजद) के निरंजन बिशी शामिल हैं।

कृष्णैया, दिवाकोंडा और रेड्डी ने तेलुगू में शपथ ग्रहण किया वहीं सिरगापुर ने अंग्रेजी में शपथ लिया। बीजद के बिशी ने ओड़िया में शपथ ग्रहण किया। बीजद के सुभाष चंद्र सिंह के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर बिशी का निर्वाचन हुआ है।

शपथ ग्रहण के दौरान राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, संसदीय कार्य राज्यमंत्री वी मुरलीधरन, राज्यसभा के महासचिव पी सी मोदी और राज्यसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

इन सभी सदस्यों ने पिछले दिनों हुए राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव में निर्विरोध जीत दर्ज की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)