कोहिमा, दो अक्टूबर नगालैंड के दो बड़े छात्र संगठनों ने शुक्रवार को कहा कि 2010 और 2013 में सर्व शिक्षा अभियान (एसएसए) के तहत नियुक्त किये गये 2,730 शिक्षकों की सेवाएं नियमित करने की मांग को लेकर उन्होंने 12 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
नगा स्टूडेंट फेडरेशन (एनएसएफ) और ईस्टर्न नगालैंड स्टूडेंट्स फेडरेशन (ईएनएसएफ) ने यहां संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वे आंदोलन के मार्ग पर चलने के लिए बाध्य हैं क्योंकि राज्य सरकार ने दो साल पहले इस संबंध में किये गये करार को पूरा करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।
एनएसएफ के अध्यक्ष निनोटो अवोमी और ईएनएसएफ के प्रमुख सिपिली एल संगताम ने बताया कि उन्होंने दो सितंबर को सरकार को इस समझौते का सम्मान करने के लिए एक महीने का वक्त दिया था जो शुक्रवार को खत्म हो गया।
अवोमी और संगताम ने कहा कि एसएसए शिक्षकों के 2010 और 2013 के बैच को नियमित करने का समझौता 12 जून, 2018 को दोनों छात्र संगठनों की उपस्थिति में स्कूल शिक्षा विभाग और नगालैंड सर्व शिक्षा अभियान शिक्षक संघ के बीच हुआ था।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वे समस्या का हल करने की कोशिश कर रहे हैं।
सरकार ने कहा कि वित्त और स्कूल शिक्षा विभाग एसएसए शिक्षकों को मुख्यधारा में लाने से पड़ने वाले विस्तृत वित्तीय प्रभाव का आकलन करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY