देश की खबरें | नगालैंड सरकार ने नगा समस्या के समाधान के लिए कदम उठाए : राज्यपाल

कोहिमा, तीन मार्च नगालैंड के राज्यपाल ला गणेशन ने सोमवार को कहा कि राज्य की बिना विपक्ष वाली एनडीपीपी सरकार ने नगा राजनीतिक मुद्दे का शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक रूप से कदम उठाए हैं।

नगालैंड की 60 सदस्यीय विधानसभा के सप्ताह भर चलने वाले बजट सत्र के पहले दिन सदन की बैठक को संबोधित करते हुए गणेशन ने कहा कि राज्य पूर्वोत्तर राज्य के लोगों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करने के लिए काम कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस सदन ने नगा राजनीतिक मुद्दे का शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक रूप से कदम उठाए हैं। जैसा कि मुख्यमंत्री ने सदन में आश्वासन दिया था, मेरी सरकार ने नगा राजनीतिक मुद्दे पर विचार-विमर्श करने के लिए पिछले साल 12 सितंबर को शीर्ष और प्रभावशाली आदिवासी निकायों और नागरिक समाज संगठनों के साथ परामर्श बैठक की।’’

राज्यपाल ने इस अवसर पर सदस्यों के पूर्ण सहयोग के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ 21 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी और उन्हें नगा राजनीतिक मुद्दे के शीघ्र समाधान की लोगों की इच्छा से अवगत कराया था।

राज्यपाल ने ईस्ट नगालैंड पीपुल्स ऑर्गनाइजेशन (ईएनपीओ) की छह जिलों में एक निश्चित स्तर की स्वायत्तता की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने इस संबंध में समझौता ज्ञापन के तीसरे मसौदे पर अपनी टिप्पणियां प्रस्तुत कर दी हैं।

गणेशन ने कहा, ‘‘पर्याप्त प्रगति हुई है और हमें उम्मीद है कि ईएनपीओ की शेष चिंताओं का समाधान कर लिया जाएगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)