कोहिमा, आठ जुलाई कांग्रेस की नगालैंड इकाई ने ‘मोदी उपनाम’ को लेकर आपराधिक मानहानि मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर रोक लगाये जाने से गुजरात उच्च न्यायालय के इनकार करने के विरोध में शनिवार को मौन प्रदर्शन किया।
कांग्रेस की नगालैंड इकाई के अध्यक्ष एस. सुपोंगमेरेन जमीर ने कहा कि कांग्रेस नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा भ्रष्टाचार और केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग के खिलाफ लड़ाई में गांधी के साथ है।
उन्होंने कहा, ‘‘गुजरात उच्च न्यायालय द्वारा दोषसिद्धि पर रोक लगाने से इनकार करना लोकतंत्र की हत्या है।’’
गुजरात उच्च न्यायालय ने ‘मोदी उपनाम’ को लेकर 2019 के आपराधिक मानहानि मामले में दोषसिद्धि पर रोक संबंधी कांग्रेस नेता गांधी की याचिका खारिज करते हुए शुक्रवार को कहा था कि ‘‘राजनीति में शुचिता’’ समय की मांग है।
न्यायमूर्ति हेमंत प्रच्छक ने गांधी की याचिका खारिज करते हुए टिप्पणी की थी, ‘‘जनप्रतिनिधियों को स्वच्छ छवि का व्यक्ति होना चाहिए।’’
पार्टी की राज्य इकाई के नेता राहुल गांधी के प्रति अपनी एकजुटता प्रकट करते हुए कांग्रेस भवन के बाहर प्रदर्शन में शामिल हुए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY