कोहिमा, 20 जून नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने मणिपुर में जारी हिंसा पर मंगलवार को चिंता जताई, लेकिन इस मामले में हस्तक्षेप करने से परहेज किया।
रियो ने कहा कि वह पड़ोसी राज्य में हिंसा और जान-माल के नुकसान से बहुत चिंतित हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं वहां की समस्याओं को लेकर बहुत चिंतित हूं, लेकिन पड़ोसी राज्य होने के नाते मैं हस्तक्षेप नहीं करना चाहता या अनावश्यक टिप्पणी नहीं करना चाहता।’’
रियो ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मणिपुर में लगातार हो रही हिंसा की घटनाओं से मैं बहुत परेशान हूं। जान-माल की हानि और धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाना समाप्त होना चाहिए। मैं अपने पड़ोसी राज्य के हमारे भाइयों और बहनों से शांति की अपील करता हूं।’’
संकट के कारण इम्फाल से लौटे नगालैंड के मेडिकल छात्रों के मुद्दे पर रियो ने कहा कि उन्हें वापस मणिपुर भेजने की व्यवस्था के लिए मुख्य सचिव स्तर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के साथ चर्चा की गई, ताकि वे परीक्षा दे सकें।
इस बीच, राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि दो-तीन छात्रों को छोड़कर नगालैंड के सभी मेडिकल छात्र अपनी परीक्षा देने के लिए इम्फाल वापस चले गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY