देश की खबरें | नड्डा ने भारत दौरे पर आए केन्या के राष्ट्रपति रुतो से की मुलाकात

नयी दिल्ली, छह दिसंबर भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बुधवार को केन्या के राष्ट्रपति विलियम एस रुतो से मुलाकात की और उन्हें देश की सत्तारूढ़ पार्टी के दृष्टिकोण व संगठनात्मक संरचना से अवगत कराया।

रुतो भारत के दौरे पर हैं। उन्होंने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बैठक की थी।

भाजपा की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘नड्डा ने राष्ट्रपति रुतो को भाजपा के दृष्टिकोण और संगठनात्मक ढांचे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने समाज में आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों, महिलाओं और हाशिए के अन्य समूहों के उत्थान के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया।’’

नड्डा ने ‘भाजपा को जानो' पहल के तहत भाजपा के साथ ‘पार्टी टू पार्टी’ संवाद शुरू करने के लिए केन्या के सत्ताधारी दल यूनाइटेड डेमोक्रेटिक एलायंस (यूडीए) के एक प्रतिनिधिमंडल को भारत आने का निमंत्रण भी दिया। रुतो यूडीए के नेता हैं।

बैठक में भाजपा के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी विजय चौथाईवाले भी उपस्थित थे।

भाजपा अध्यक्ष के रूप में नड्डा ने साल 2022 में भाजपा के स्थापना दिवस पर विशेष रूप से विदेशी राजनयिकों को पार्टी की ऐतिहासिक यात्रा और जारी गतिविधियों के बारे में जानकारी देने के लिए ‘भाजपा को जानो’ पहल की शुरूआत की थी।

इस पहल के तहत भाजपा अध्यक्ष अमेरिका, न्यूजीलैंड, सूरीनाम, श्रीलंका, फिलिपीन, केन्या, इजरायल इंडोनिशया, फिजी, डोमिनिकन रिपब्लिक, डेनमार्क, कनाडा, भूटान और ऑस्ट्रलिया सहित कई देशों के राजनयिकों और प्रतिनिधिमंडलों से मिल चुके हैं।

ब्रजेन्द्र

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)