नयी दिल्ली, तीन फरवरी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव राष्ट्रीय राजधानी को विकसित दिल्ली बनाने की लड़ाई है।
बुराड़ी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रति लोगों में असंतोष बढ़ने का दावा किया।
उन्होंने कहा, ‘‘यहां जो उत्साह मैं देख रहा हूं वह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि केजरीवाल की यात्रा पर अगले महीने पांच फरवरी को विराम लग जाएगा।’’
भाजपा अध्यक्ष ने सभी समुदायों के मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा, ‘‘यह बदलाव लाने के लिए हमें प्रत्येक वोट चाहिए।’’
नड्डा ने कहा, ‘‘यह चुनाव भाजपा के कमल निशान या किसी अन्य पार्टी के चुनाव चिह्न के बारे में नहीं है, यह दिल्ली का भाग्य और इसकी तस्वीर बदलने के बारे में है।’’ उन्होंने मतदाताओं से ‘आप’ का शासन खत्म करने का आग्रह किया।
उन्होंने ‘आप’ सरकार पर दिल्ली में प्रगति को रोकने का आरोप लगाया और लोगों से ‘‘विकसित दिल्ली’’ बनाने की अपील की।
नड्डा ने ‘आप’ सरकार की शासन शैली की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उसकी दिनचर्या में केवल संवाददाता सम्मेलन करना और केंद्र सरकार पर आरोप लगाना शामिल है।
उन्होंने कहा, ‘‘हर दिन सुबह-सुबह वे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं, (नरेन्द्र) मोदी जी को गालियां देते हैं, केंद्र की आलोचना करते हैं और अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए निराधार आरोप लगाते हैं। केजरीवाल पिछले दस सालों से यही कर रहे हैं।’’
नड्डा ने केजरीवाल नीत पार्टी को ‘‘झूठ बोलने की मशीन’’ और ‘‘भ्रष्टाचार एवं छल का विश्वकोश’’ करार दिया।
नड्डा ने ‘आप’ पर भ्रष्टाचार में लिप्त होकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग कभी खुद को ‘कट्टर ईमानदार’ पार्टी कहते थे, वे अब ‘कट्टर भ्रष्टाचारी’ पार्टी बन गए हैं। उनके मुख्यमंत्री जमानत पर हैं, उनके उपमुख्यमंत्री जमानत पर हैं और उनके मंत्री भी जेल में बंद रहे हैं।’’
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘उन्हें निर्दोष नहीं ठहराया गया है, वे दोषी हैं।’’
नड्डा ने ‘आप’ सरकार पर लगे घोटालों के आरोपों को रेखांकित किया, जिसमें 2,800 करोड़ रुपये का कथित आबकारी घोटाला, 1,300 करोड़ रुपये का कथित स्कूल भवन घोटाला और मोहल्ला क्लिनिक से जुड़ा 65,000 करोड़ रुपये का कथित फर्जी मेडिकल जांच घोटाला शामिल है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उन्होंने (केजरीवाल) अपने लिए आलीशान महल बनाने के लिए जनता का पैसा लूटा।’’
भाजपा नेता ने शिक्षा और बुनियादी ढांचे के मामले में ‘आप’ के कामकाज पर भी कटाक्ष किया और दावा किया कि कक्षा 10 और 11 में विज्ञान विषय की उपेक्षा की जा रही है।
उन्होंने जनसभा में उपस्थित लोगों से पूछा, ‘‘क्या आप चाहते हैं कि ऐसी शिक्षा प्रणाली जारी रहे?’’
नड्डा ने आश्वासन दिया कि 2026 से पहले दिल्ली को 2,600 नयी इलेक्ट्रिक बस मिलेंगी और मौजूदा झुग्गी-झोपड़ियों को तोड़े बिना, झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों को पक्का आवास देने की भाजपा की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ‘आप’ सरकार ने यमुना सफाई कोष का गलत प्रबंधन किया है।
नड्डा ने दावा किया, ‘‘क्या आपको यमुना में साफ पानी मिला? उन्होंने 8,000 करोड़ रुपये हड़प लिए और फिर हरियाणा सरकार पर इसे (दिल्ली को) जहर देने का आरोप लगाया।’’
दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए 5 फरवरी को मतदान होना है और मतगणना 8 फरवरी को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY